मुंगेली/रायपुर , अप्रैल 28 -- छत्तीसगढ़ में मुंगेली जिले के गांव बटहा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संदीप पाठक के आवास के बाहर आप कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने दीवारों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां लिखते हुए अपना आक्रोश जताया। उन्होंने संदीप पाठक पर अवसरवाद और विश्वासघात के आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जिस पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई, उसे छोड़कर उन्होंने समर्थकों की भावनाओं को आहत किया है।
उल्लेखनीय है कि संदीप पाठक को आप के प्रमुख रणनीतिकारों में गिना जाता रहा है। पंजाब में पार्टी की सरकार बनने में उनकी अहम भूमिका मानी जाती है।
उल्लेखनीय है कि गत 24 अप्रैल आप सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर पार्टी छोड़ने की घोषणा की थी। इस दौरान राघव चड्ढा ने भाजपा में शामिल होने की पुष्टि करते हुए दावा किया था कि उनके साथ कुल सात राज्यसभा सांसदों का समर्थन है। इनमें हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, विक्रम साहनी और राजिंदर गुप्ता के नाम शामिल बताए गए थे। पार्टी छोड़ने वाले सात में से छह सांसद पंजाब से और एक दिल्ली से संबंधित हैं।
राज्यसभा सचिवालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार सभापति ने इन सातों बागी सांसदों को भाजपा में शामिल होने की मान्यता दे दी है। इसके साथ ही उच्च सदन में भाजपा सांसदों की संख्या बढ़कर 113 हो गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित