नयी दिल्ली , जुलाई 15 -- आम आदमी पार्टी के निगम पार्षद एवं वाल्मीकि समाज के युवा नेता विकास टांक बुधवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये।
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने पार्टी का पटका पहनाकर और मिस्ड कॉल के माध्यम से सिविल लाइन वार्ड से तीन बार के पार्षद टांक को पार्टी की सदस्यता दिलायी। इस मौके पर चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल और भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर उपस्थित थे।
इस मौके पर श्री मल्होत्रा ने कहा कि आज यह बताते हुए खुशी हो रही है कि भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर दिल्ली नगर निगम के सिटी एस.पी. जोन के अध्यक्ष विकास टांक भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार अब नगर निगम में और दिल्ली प्रदेश दोनों में होने के कारण लगातार विकास कार्य हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में जब से श्रीमती रेखा गुप्ता की सरकार आयी है तब से उन्होंने दिल्ली की नगर निगम को आर्थिक रुप से सुदृढ़ करना शुरु कर दिया है। उन्होंने कहा कि लगातार निगम के द्वारा होने वाले कार्यों जैसे ढ़लाव में कम्पैक्टर्स लगाए जा रहे हैं, पार्कों की सफाई हो रही है, गलियां और सड़कों की सफाई और विकास कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जब तक आम आदमी पार्टी निगम और सरकार दोनों में थी, तब तक दिल्ली में विकास कार्य रुके हुए थे, लेकिन भाजपा सरकार के आने के बाद लगातार काम हो रहे हैं। विकास की राजनीति और विकास में कोई राजनीति नहीं करना ही भाजपा का ध्येय रहता है और इसी कारण आज लगातार भाजपा एक संगठन के रुप में मजबूत होती जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित