इटावा , सितंबर 9 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर पर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ जाने के बाद उनकी 'बुद्धि भ्रमित हो गई है' और आगामी विधानसभा चुनाव में उनका 'इलाज' हो जाएगा।

श्री यादव अपने गृह जिले इटावा के पक्का तालाब स्थित जागेश्वर मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की छठी के समारोह में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। ओमप्रकाश राजभर के सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर पूछे गए सवाल पर श्री यादव ने कहा कि भाजपा में जाने के बाद उनकी बुद्धि फिर गई है और अब उनका इलाज हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जब श्री राजभर सपा के साथ थे, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अनाप-शनाप बातें किया करते थे, लेकिन अब वह समाजवादी नेताओं को निशाना बना रहे हैं।

श्री राजभर के 'अहीर' और 'जाहिर' से जुड़े पोस्ट के संबंध में पूछे जाने पर भी श्री यादव ने उन पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा में शामिल होने से पहले वह प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल करते थे। उन्होंने कहा कि अब वह भाजपा के साथ हैं और आने वाले चुनाव में जनता उन्हें जवाब देगी।

वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा के संभावित गठबंधन के संबंध में पूछे जाने पर श्री यादव ने कहा कि किन दलों के साथ गठबंधन किया जाएगा, इसका फैसला पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। उन्होंने किसी दल का नाम लेने से इंकार करते हुए कहा कि अंतिम निर्णय शीर्ष नेतृत्व ही करेगा।

राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रवक्ता रोहित अग्रवाल की ओर से लगाए गए आरोपों के संबंध में पूछे जाने पर सपा नेता ने कहा कि पहले यह स्पष्ट किया जाए कि आरोप किसके बारे में लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि कौन रालोद नेताओं के संपर्क में है और कौन अपने बेटे-बहू को विधायक बनाना चाहता है, यह स्पष्ट होने के बाद ही इस तरह के बयानों पर प्रतिक्रिया दी जा सकती है।

सपा की यूथ विंग की नीले रंग की ड्रेस को लेकर पूछे गए सवाल पर श्री यादव ने इसे अच्छी बात बताते हुए कहा कि नीला रंग देखकर भाजपा के लोग बौखला गए हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का जनाधार खिसक चुका है और वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी।

इससे पहले श्री यादव बुधवार दोपहर करीब एक बजे पक्का तालाब स्थित जागेश्वर मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की छठी के समारोह में भाग लिया और विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर परिसर में मौजूद लोगों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य, जिला महासचिव वीरभान सिंह भदौरिया, कुमदेश चंद्र यादव, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के अध्यक्ष फरहान शकील तथा जागेश्वर मंदिर के प्रबंधक बम्मन वर्मा समेत अन्य लोग मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित