बलिया , अक्टूबर 29 -- उत्तर प्रदेश के बलिया में भाजपा जिला कार्यसमिति की सदस्य होने का दावा करने वाली एक महिला ने पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा पर यौन शोषण, अश्लील वीडियो बनाने और उसे प्रसारित करने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

महिला ने गुरुवार को करीब एक दर्जन महिलाओं के साथ कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया और जिलाध्यक्ष के नाम का पोस्टर लगे मिट्टी के घड़े को फोड़कर विरोध जताया। उसने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई और न्याय की मांग की।

महिला अपने साथ अन्य कार्यकर्ताओं को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची थी। उसके हाथ में मिट्टी का एक घड़ा था, जिस पर जिलाध्यक्ष के नाम के साथ 'पाप का घड़ा' लिखा पोस्टर लगा था। कलेक्ट्रेट के सामने घड़ा फोड़ने के बाद उसने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।

पत्रकारों से बातचीत में महिला ने आरोप लगाया कि संजय मिश्रा ने उसके साथ दुष्कर्म किया, अश्लील वीडियो बनाए और उन्हें वायरल करने की धमकी दी। उसने यह भी दावा किया कि जिलाध्यक्ष ने अपने साथियों के माध्यम से उसका यौन शोषण कराया। विरोध करने पर कथित तौर पर उसके वीडियो प्रसारित कर दिए गए।

उसके अनुसार, पार्टी कार्यकर्ता होने के नाते वह कार्यालय जाती थी, जहां उसके साथ कथित तौर पर शोषण किया गया।

महिला ने आरोप लगाया कि शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचने पर पुलिस ने करीब 15 दिनों तक उसे टालती रही। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत करने के बाद 15 सितंबर को मुकदमा दर्ज किया गया।

महिला का दावा है कि बाद में जिलाध्यक्ष ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर प्राथमिकी से अपना नाम हटवा लिया और अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कम गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई। उसने दावा किया कि वह इस मामले में शपथपत्र के साथ अपना बयान भी पुलिस को दे चुकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित