मथुरा , अगस्त 26 -- त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं त्रिपुरा पश्चिम सीट से सांसद तथा भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिव बिप्लव कुमार देब अपनी पत्नी और अभिनेत्री त्रिवेणी राव देब के साथ बुधवार को गोवर्धन स्थित शंकराचार्य आश्रम पहुंचे। राष्ट्रीय महासचिव की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अपने पहले दौरे पर पहुंचे श्री देब ने आश्रम में वैदिक रीति-रिवाज से विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की और रुद्राभिषेक किया।
अनुष्ठान के बाद उन्होंने शंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ महाराज का माल्यार्पण कर पूजन किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद दोनों के बीच बंद कमरे में काफी देर तक एकांत चर्चा हुई। शंकराचार्य ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक मूल्यों को अक्षुण्ण बनाए रखने की प्रेरणा दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गौरतलब है कि गोवर्धन स्थित शंकराचार्य आश्रम में स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ महाराज दो माह के प्रवास पर हैं। इस दौरान आश्रम में लगातार धार्मिक अनुष्ठान और रुद्राभिषेक का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश की कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियां और गणमान्य लोग शामिल हो रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित