पटना , अप्रैल 14 -- बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बिहार विधानमंडल दल के नेता का पद उनके लिये केवल एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा, उनके विश्वास और सपनों को साकार करने का एक पवित्र अवसर है।

श्री चौधरी को आज बिहार में भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। श्री चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर इसके लिये भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने उन पर विश्वास जताते हुए उन्हें भाजपा बिहार विधानमंडल दल के नेता का दायित्व सौंपा है, जिसके लिये वह हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।

श्री चौधरी ने कहा कि यह उनके लिये केवल एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा, उनके विश्वास और सपनों को साकार करने का एक पवित्र अवसर है। उन्होंने कहा कि वह पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ जन-जन की अपेक्षाओं पर खरे उतरने का संकल्प लेते हैं।

उप मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में वह बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि के नए आयामों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने कहा कि सभी का स्नेह, आशीर्वाद और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित