हैदराबाद , मई 10 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को दावा किया कि तेलंगाना के लोग कांग्रेस तथा भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) दोनों से निराश हैं और राज्य में अगली सरकार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ही बनाएगी।

श्री मोदी ने सिकंदराबाद के परेड ग्राउंड में तेलंगाना भाजपा द्वारा आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते कहा कि राज्य के लोग बदलाव चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा की हालिया चुनावी जीतें पार्टी के विकास और शासन मॉडल में लोगों के बढ़ते विश्वास को दर्शाती हैं। पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत का ज़िक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य की जनता ने "तानाशाही राजनीति" को नकार दिया है और भाजपा की विकास तथा सुशासन की विचारधारा को अपना लिया है।

श्री मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की ज़ोरदार तालियों के बीच कहा, "आज तेलंगाना की जनता भी यही कह रही है कि इस बार राज्य में भाजपा की बारी है।"उन्होंने कहा कि भाजपा के विकास में तेलंगाना ने एक ऐतिहासिक भूमिका निभायी है। उन्होंने कहा कि जब राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के केवल दो सांसद थे, तब पार्टी के शुरुआती सांसदों में से एक इसी क्षेत्र से चुनकर आए थे।

श्री मोदी ने कहा कि 2047 तक एक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने में तेलंगाना और हैदराबाद की अहम भूमिका होगी। उन्होंने राज्य में रविवार को शुरू हुई हज़ारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का ज़िक्र किया और कहा कि ये परियोजनाएं राज्य में औद्योगिक विकास और रोज़गार सृजन की गति को तेज़ करेंगी।

ज़हीराबाद औद्योगिक गलियारे और वारंगल में प्रधानमंत्री मित्र कपड़ा पार्क का उल्लेख करते हुए श्री मोदी ने कहा कि इन परियोजनाओं से बड़े पैमाने पर रोज़गार के मौके पैदा होंगे और तेलंगाना के किसानों, सुक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) और उद्योगों को फ़ायदा होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने कपास के उत्पादन और उसकी क्वालिटी को बेहतर बनाने के मकसद से एक नए 'कॉटन मिशन' को मंज़ूरी दी है, जिससे राज्य के कपास किसानों को मदद मिलेगी।

श्री मोदी ने कांग्रेस पार्टी की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकारों ने चुनावों से पहले ऐसे वादे किए जो पूरे नहीं हो सकते थे, और सत्ता में आने के बाद उन्हें लागू करने में नाकाम रहीं। उन्होंने कांग्रेस पर 'बांटने वाली राजनीति' को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और कहा कि कुछ पार्टियों ने पिछले कुछ सालों में माओवादी विचारधारा को परोक्ष रूप से समर्थन दिया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि तेलंगाना धीरे-धीरे माओवादी असर से बाहर निकल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार एक 'नयी सोच और नये संकल्प' के साथ एक विकसित तेलंगाना बनाने के लिए काम करेगी।

श्री मोदी ने आपूर्ति शृंखला में रुकावटों, ईंधन की बढ़ती कीमतों और अंतरराष्ट्रीय झगड़ों की वजह से पैदा हुई वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बारे में भी विस्तार से बात की। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे पेट्रोल और डीज़ल का इस्तेमाल कम करें, सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा दें, और विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ने वाले बोझ को कम करने के लिए 'ऊर्जा बचाने के तरीकों' को अपनाएं।

उन्होंने लोगों से 'वोकल फॉर लोकल' का समर्थन करने, बाहर से आने वाले सामान पर अपनी निर्भरता कम करने, देश में बने उत्पादों को बढ़ावा देने, और रासायनिक खादों का इस्तेमाल कम करके 'प्राकृतिक खेती' को बढ़ावा देने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित