भोपाल , मार्च 19 -- भारतीय जनता पार्टी जिला भोपाल द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत आज प्रदेश कार्यालय स्थित पं. दीनदयाल परिसर में नगर के विभिन्न मंडलों में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण वर्गों की रूपरेखा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश सह संयोजक आलोक संजर, जिला अध्यक्ष रविंद्र यति तथा जिला प्रभारी जसवंत सिंह हाड़ा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदेश सह संयोजक श्री संजर ने कहा कि यह प्रशिक्षण महाअभियान कार्यकर्ताओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है, जिससे उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और संगठन के प्रति समर्पण की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, इतिहास और कार्यपद्धति की जानकारी दी जाएगी।
जिला अध्यक्ष श्री यति ने कहा कि जिला से लेकर मंडल स्तर तक समन्वय स्थापित कर प्रशिक्षण वर्गों को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन वर्गों से कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता, कार्यकुशलता और जिम्मेदारी निभाने की क्षमता विकसित होगी।
वही जिला प्रभारी श्री हाड़ा ने कहा कि यह महाअभियान संगठन की कार्यशैली को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने का प्रयास है, जिसके तहत विषयवार सत्र, अनुभवी वक्ताओं का मार्गदर्शन और व्यावहारिक प्रशिक्षण शामिल रहेगा। बैठक में जिला महामंत्री मुकेश राय, प्रदीप शेखावत सहित जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी एवं प्रशिक्षण टोली के सदस्य उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित