भोपाल , अप्रैल 13 -- भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को त्वरित चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से "सेवा प्रकल्प" का शुभारंभ 14 अप्रैल को किया जाएगा।

भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. विशाल सिंह बघेल ने बताया कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल सायं 5 बजे इस प्रकल्प का शुभारंभ करेंगे।

उन्होंने बताया कि 'सेवा प्रकल्प' के तहत पार्टी कार्यकर्ताओं और उनके परिवारजनों को त्वरित चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए 9203597200 और 9203697200 मोबाइल नंबर जारी किए जाएंगे, जिन पर संपर्क कर चिकित्सकीय परामर्श और जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।

डॉ. बघेल ने कहा कि इस पहल के अंतर्गत भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक विशेष कक्ष स्थापित किया गया है, जहां अनुभवी चिकित्सक स्वास्थ्य परामर्श और प्राथमिक मार्गदर्शन देंगे। इसके साथ ही आयुष्मान भारत सहित विभिन्न शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी और जरूरतमंदों को मुख्यमंत्री सहायता कोष एवं स्वेच्छा अनुदान के माध्यम से आर्थिक सहयोग दिलाने की व्यवस्था भी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर रक्तदान एवं सेवा टीम को सक्रिय किया जाएगा तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायता प्रदान की जाएगी। सहायता प्राप्त करने के लिए प्रदेश कार्यालय में सेवा केन्द्र भी प्रारंभ किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित