भोपाल , सितंबर 14 -- भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने सोमवार को गणेश चतुर्थी के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुए पूजन में सभी ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति एवं मंगल की कामना की।

भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापना के साथ भाजपा प्रदेश कार्यालय में गणेशोत्सव का शुभारंभ हुआ। पूजन एवं आरती के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ भगवान श्री गणेश का वंदन किया। इस अवसर पर पंडाल में 'हरे रामा, हरे कृष्णा' की मधुर धुन गूंजने से कार्यालय परिसर भक्तिमय हो गया। भजन, स्तुति-वंदना एवं जयघोष के बीच पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता श्रद्धा और भक्ति में भावविभोर नजर आए।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मंत्री राजेन्द्र सिंह राजपूत, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, संभाग प्रभारी डॉ. अभय यादव, अपेक्स बैंक के प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव, लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष सत्येन्द्र भूषण सिंह, महाराणा प्रताप कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया, योग आयोग के अध्यक्ष डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, पूर्व सांसद आलोक संजर, पूर्व मंत्री इमरती देवी, पार्टी की पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह जादौन, मोर्चा के प्रदेश प्रभारी मनोरंजन मिश्रा, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर, आईटी प्रभारी हितेश नागदेव, सोशल मीडिया के प्रदेश संयोजक सुयश त्यागी, खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक मान सिंह यादव, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, चिकित्सा प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश संयोजक डॉ. अभिजीत देशमुख सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित