बैतूल , मार्च 11 -- मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की पुत्री सुरभि खंडेलवाल (34) का बुधवार को हृदयाघात से निधन हो गया। उनके निधन की खबर सामने आते ही राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से सुरभि के निधन की जानकारी साझा करते हुए शोक व्यक्त किया। बताया गया कि सुरभि खंडेलवाल विशेष दिव्यांग थीं और लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही थीं। परिवार के अनुसार उनकी नियमित रूप से चिकित्सा और फिजियोथेरेपी कराई जा रही थी।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे उनकी रोजाना की तरह फिजियोथेरेपी कराई गई थी, लेकिन इसके कुछ ही समय बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर परिवार ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन दोपहर करीब 12 बजे उन्हें हृदयाघात आया और उनका निधन हो गया।
निधन की सूचना मिलते ही हेमंत खंडेलवाल भोपाल से तत्काल बैतूल पहुंच गए। परिवार में गहरा शोक व्याप्त है और उनके निवास पर जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं तथा सामाजिक संगठनों के लोगों का पहुंचना शुरू हो गया है। परिवार के अनुसार सुरभि की अंतिम यात्रा बुधवार शाम पांच बजे बैतूल गंज स्थित निवास से निकाली जाएगी। इसके बाद कोठी बाजार स्थित मोक्षधाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इस बीच मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी सुरभि खंडेलवाल के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित