चंडीगढ़ , मार्च 26 -- पंजाब प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने गुरुवार को डीएम गगनदीप सिंह रंधावा के परिवार की सुरक्षा का मुद्दा उठाया।

श्री जाखड़ ने एक वीडियो संदेश में कहा कि पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के समर्थक आज भी उसकी सोच की रक्षा में नारे लगा रहे हैं, जबकि सरकार ने परिवार की सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम नहीं किए हैं। उन्होंने कहा कि डीएम गगनदीप सिंह रंधावा की पत्नी एक सच्चे और ईमानदार परिवार से हैं, और जिस हौसले के साथ वह न्याय की लड़ाई लड़ रही हैं, उसे देखकर लगता है मानो नवरात्रि के दिनों में मां दुर्गा का आशीर्वाद उनके साथ है। इसी कारण वह कलयुग के इन पापियों के खिलाफ न्याय के लिए संघर्ष कर रही हैं। उनके इस जज़्बे को सलाम करते हुए सुनील जाखड़ ने कहा कि वह सरकार के जुल्म के आगे झुकी नहीं हैं और अपने पति के लिए निडर होकर न्याय की लड़ाई लड़ रही हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि उनके पति एक सच्चे और ईमानदार इंसान थे।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व मंत्री के समर्थकों द्वारा की जा रही नारेबाजी और सोशल मीडिया पर मंत्री के परिवार के प्रभाव को दर्शाने वाली पोस्टों को देखते हुए डीएम के परिवार की सुरक्षा और भी जरूरी हो जाती है। उन्होंने सभी पंजाबियों से अपील की कि आपसी मतभेद भुलाकर एक ईमानदार अधिकारी को न्याय दिलाने के लिए एकजुट होकर संघर्ष करें, ताकि एक अनमोल मानव जीवन लेने वालों को मिसाल के तौर पर सजा मिल सके और देश में ईमानदारी की लौ जलाने वाले लोगों का हौसला बना रहे। अगर आज गगनदीप सिंह रंधावा को न्याय नहीं मिला, तो कल कोई भी देश और राज्य के लिए ईमानदारी का साथ नहीं देगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित