चंडीगढ़ , जून 18 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ कांग्रेस के प्रदेश सचिव नरेंद्र चौधरी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष के एक कथित बयान पर कड़ा विरोध जताते हुए उनसे सार्वजनिक माफी की मांग की है।

श्री चौधरी ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले पंजाब यूनिवर्सिटी में आयोजित 'खेलो इंडिया भाजपा खेल प्रकोष्ठ' कार्यक्रम के दौरान जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने पंजाबियों को "ब्लडी फूल इमोशनल" कहकर संबोधित किया, जो पूरे पंजाबी समाज का अपमान है।

उन्होंने कहा कि पंजाबी समुदाय ने देश की सीमाओं की रक्षा से लेकर हरित क्रांति के माध्यम से देश को खाद्यान्न सुरक्षा प्रदान करने तक महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे में इस प्रकार की टिप्पणी पंजाब की अस्मिता, शहादत और स्वाभिमान पर सीधा हमला है।

श्री चौधरी ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को पूरे पंजाब और पंजाबी समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बयान भाजपा की पंजाब विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि पंजाबी समाज अपनी मिट्टी, संस्कृति और देश के प्रति भावनात्मक रूप से जुड़ा हुआ है और इस भावना का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि माफी नहीं मांगी गयी तो पंजाब के स्वाभिमान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कांग्रेस ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से तत्काल अपने बयान पर स्पष्टीकरण देने और सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित