लखनऊ , अगस्त 6 -- उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के वरिष्ठ नेता एवं बलिया सदर से विधायक उमाशंकर सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए गुरुवार को उनके आवास पहुंचकर पार्थिव देह पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शोक-संतप्त परिजनों से भेंट कर उन्हें सांत्वना दी और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
श्री चौधरी ने कहा कि उमाशंकर सिंह का पूरा सार्वजनिक जीवन जनसेवा, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि समाजहित में उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा और सार्वजनिक जीवन में उनकी सक्रिय भूमिका सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दिवंगत विधायक के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
इससे पहले गुरुवार सुबह बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने भी बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से पार्टी विधायक रहे उमाशंकर सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सुश्री मायावती राजधानी लखनऊ स्थित दिवंगत विधायक के आवास पहुंचीं, जहां उन्होंने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
उल्लेखनीय है कि उमाशंकर सिंह का बुधवार को निधन हो गया था। वह लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे और उनका उपचार चल रहा था। उनके निधन से बसपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर है। काफ़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता उनको श्रद्धांजलि देने पहुंचे हैं ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित