रायपुर , सितंबर 01 -- छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है और वह जल्द ही पूर्ण सक्रियता के साथ कार्यकर्ताओं के बीच लौटेंगे। अस्वस्थता के बावजूद वह वर्चुअल माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े हुए हैं और पार्टी पदाधिकारियों को लगातार मार्गदर्शन दे रहे हैं।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजय शंकर मिश्रा ने मंगलवार को बताया कि किरण देव प्रदेश कार्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकों में नियमित रूप से ऑनलाइन शामिल हो रहे हैं। 'हर घर तिरंगा' अभियान और 'तिरंगा यात्रा' सहित पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान भी वह संगठन के पदाधिकारियों के संपर्क में रहे और आगामी अभियानों की रूपरेखा तथा उनके क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे हैं।

उन्होंने बताया कि किरण देव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' को भी सुना। वह संगठन के विभिन्न अभियानों और गतिविधियों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उनके जल्द प्रत्यक्ष रूप से संगठनात्मक कार्यक्रमों में शामिल होने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित