रांची , मई 13 -- कांग्रेस पार्टी के झारखंड प्रदेश प्रवक्ता सोनाल शांति ने भाजपा नेताओं के राजनीतिक शुचिता और भ्रष्टाचार को लेकर दिए जा रहे बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि जो नेता राजनीतिक शुचिता की बात करते हैं, उन्हें पहले अपने दल का चेहरा आईने में देखने की आवश्यकता है।
श्री शांति ने आज यहां कहा कि भाजपा में भ्रष्टाचार, बलात्कार और हत्या जैसे गंभीर आरोपों से घिरे नेताओं की लंबी फेहरिस्त है, ऐसेघ में कांग्रेस पर आरोप लगाना भाजपा का राजनीतिक पाखंड है। कहा कि शारदा चिटफंड घोटाले और लुई बर्गर स्कैम से जुड़े आरोपों का सामना कर चुके नेताओं को भाजपा ने महत्वपूर्ण पदों पर बैठाया है।
श्री शांति ने कहा कि कैमरे के सामने कथित रूप से घूस लेते पकड़े गए नेताओं को भाजपा संरक्षण देती रही है और दूसरी ओर कांग्रेस पर नैतिकता का पाठ पढ़ाने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि अरुणाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री प्रेम खांडू की संपत्ति में असामान्य वृद्धि को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। साथ ही उनके कार्यकाल में सरकारी ठेकों और संसाधनों के आवंटन को लेकर भी कई बार सवाल खड़े हुए, जिन पर न्यायपालिका द्वारा भी टिप्पणियां की गईं। भाजपा को इन मुद्दों पर जवाब देना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित