कोलकाता , मार्च 07 -- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि वह देश में संवैधानिक संस्थाओं, सहयोगियों और अधिकारियों को नियंत्रित करने के लिए धमकी और 'यूज़-एंड-थ्रो' की राजनीति कर रही है।

कोलकाता के डोरीना क्रॉसिंग पर चल रहे अपने धरने के मंच से बोलते हुए तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि अगर लोग सरकार की बात नहीं मानते तो उन्हें ट्रांसफर, महाभियोग या निगरानी की धमकी दी जाती है।

उन्होंने कहा, "वे लोगों को धमकाते हैं कि अगर उनकी बात नहीं मानी तो उन्हें कहीं और ट्रांसफर कर देंगे या महाभियोग लाएंगे। आप पेगासस का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन हमारे पास जनता है।"सुश्री बनर्जी ने दावा किया कि भाजपा जरूरत खत्म होने पर लोगों को किनारे कर देती है। उन्होंने इस संदर्भ में नीतीश कुमार और पूर्व राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा की राजनीति शोषण और त्याग पर आधारित है। उन्होंने यह भी कहा कि कई लोग नहीं चाहते कि राजभवन को भाजपा का पार्टी कार्यालय बनाया जाए, जहां से पार्टी की गतिविधियां संचालित हों।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर ऐसी बातें सामने आई हैं कि बिहार और बंगाल के कुछ हिस्सों को मिलाकर केंद्र शासित प्रदेश बनाने की योजना है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर बंगाल को छूने की कोशिश की गई तो राज्य अपनी ताकत दिखाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित