रायपुर , जुलाई 23 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने गुरुवार को आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं और राज्य सरकार के मंत्रियों ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन पर हमला किया तथा इसके बाद पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ एकतरफा एफआईआर दर्ज की। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच और कथित रूप से शामिल मंत्रियों को बर्खास्त करने की मांग की।
राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में बैज ने कहा कि घटना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन, आंसू गैस और लाठी का प्रयोग किया गया, जबकि पथराव और अन्य हमले भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि एक दर्जन से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता, जिनमें महिला कार्यकर्ता भी शामिल हैं, घायल हुए।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दल के कार्यालय तक भाजपा कार्यकर्ताओं के पहुंचने और प्रदर्शन की अनुमति दिए जाने पर भी सवाल उठते हैं। उनका आरोप था कि पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं के बजाय कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की और बाद में उन्हीं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी।
श्री बैज ने कहा कि जिन मंत्रियों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी है, उनका कथित रूप से इस घटना में शामिल होना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता का दुरुपयोग किया गया और संबंधित मंत्रियों को तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित