चंडीगढ़ , अगस्त 02 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को संगठन को और अधिक मजबूत करने की दिशा में छह नये जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की है।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की सहमति से पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने इन नियुक्तियों को मंजूरी दी। नियुक्तियों की घोषणा प्रदेश महामंत्री अनिल सरीन ने की।

नियुक्त किये गये नये जिला अध्यक्षों में फरीदकोट से संदीप सिंह बराड़, होशियारपुर ग्रामीण से संजीव मनहास, होशियारपुर शहरी से नेतन गुप्ता नन्नू, खन्ना से अनूप शर्मा, श्री मुक्तसर साहिब से कुलदीप सिंह भंगेवाला तथा संगरूर-1 से सरजीवन जिंदल शामिल हैं।

नवनियुक्त जिला अध्यक्षों को बधाई देते हुए श्री ढिल्लों ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी पदाधिकारी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि नये जिला अध्यक्ष संगठन के विस्तार के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का कार्य करेंगे।

श्री ढिल्लों ने कहा कि ये नियुक्तियां भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा हैं। पार्टी पूरे पंजाब में मजबूत, सक्रिय और कैडर आधारित संगठन तैयार करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नये जिला अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को अधिक सक्रिय बनाने, कार्यकर्ताओं को संगठित करने और जनता के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गयी है। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब भविष्य की राजनीतिक और चुनावी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए राज्यभर में अपने संगठनात्मक विस्तार को लगातार गति दे रही है और ये नियुक्तियां उसी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित