जयपुर , जुलाई 16 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा न्यायपालिका का सर्वोच्च सम्मान करती है और वह पंचायत एवं निकाय चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।
श्री राठौड़ ने गुरुवार को अपने बयान में कहा कि चुनाव आयोग द्वारा चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही भाजपा चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि भाजपा न्यायालय के प्रत्येक आदेश की नियमानुसार पालना करेगी। पार्टी कभी भी न्यायालय की अवमानना नहीं करेगी।
उन्होंने भाजपा पर चुनाव से भागने के लगाए जा रहे आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि भाजपा ने अब तक हुए उपचुनावों में लगभग 85 प्रतिशत सीटों पर विजय प्राप्त की है, ऐसे में चुनाव से भागने का प्रश्न ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन दोनों चुनावों के लिए पूर्ण रूप से तैयार हैं। निकाय चुनावों के संबंध में राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने वार्डों का गठन अव्यवस्थित तरीके से किया था, जिसे वर्तमान सरकार ने व्यवस्थित किया है। ओबीसी आरक्षण से जुड़े विषय पर आयोग की प्रक्रिया में कुछ तकनीकी अड़चनें आई हैं, जिनका शीघ्र समाधान होगा। भाजपा न्यायालय के निर्देशों का सम्मान करते हुए सभी प्रक्रियाओं का पालन करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित