शिमला , अप्रैल 07 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकारके पर आरोप लगाया कि उसके कुशासन एवं बढ़ते करों से महंगाई बढ़ रही है और इस वजह से नागरिकों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
मंडी में आयोजित दो दिवसीय राज्य कार्यसमिति में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि पर्वतीयराज्य की जनता कांग्रेस सरकार के 'लूट मॉडल' से पूरी तरह थक चुकी है। उन्होंने कहा कि जब तक सुधारात्मक कदम नहीं उठाये जाते, भाजपा सड़क से लेकर विधानसभा तक जनता की शिकायतों को उठाती रहेगी।
श्री बिंदल ने कांग्रेस प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार की नीतियों के कारण आम नागरिक बिजली और पानी के बिल तथा एचआरटीसी के किरायों में वृद्धि के साथ कई बस मार्गों के बंद होने से परेशान हैं। उन्होंने राशन की दुकानों में आवश्यक वस्तुओं की कमी और बढ़ी हुई कीमतों, स्टाम्प ड्यूटी में बढ़ोतरी, सीमेंट की बढ़ती लागत और व्यवसायों एवं परिवहन क्षेत्र पर एंट्री टैक्स के वित्तीय बोझ का भी उल्लेख किया।ईंधन पर सरकार के कराधान की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के राहत देने के प्रयासों के बावजूद, डीजल पर 10.40 रुपये प्रति लीटर वैट और पांच रुपये प्रति लीटर अतिरिक्त सेस ने महंगाई को और बढ़ा दी है।
श्री बिंदल ने राज्य सरकार पर भाई-भतीजावाद, पक्षपात और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और स्थिति को 'माफिया राज' करार दिया। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवा, महिलाएं, किसान, बागवान, कर्मचारी और सेवानिवृत्त लोगों सहित आम नागरिक व्यापक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, "आज समाज का हर वर्ग प्रभावित है और हर घर में हताशा भरी हुई है।"भाजपा राज्य कार्यसमिति ने जनता की शिकायतों को व्यापक रूप से संबोधित करने के लिए एक प्रस्तावपारित किया, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि पार्टी सभी मुद्दों पर जनता की आवाज बने। श्री बिंदल ने कहा, "यह लड़ाई सिर्फ भाजपा की नहीं, बल्कि जनता की है। हम इस जनविरोधी कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए उनके साथ खड़े हैं।"इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह-प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग ठाकुर और सुरेश कश्यप, डॉ. राजीव भारद्वाज, हर्ष महाजन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती के साथ-साथ सभी विधायक और वरिष्ठ प्रदेश पदाधिकारी शामिल हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित