रायपुर , जुलाई 13 -- छत्तीसगढ़ के रायपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव पर कथित रूप से नक्सली कमांडर हिड़मा का महिमामंडन करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और इसे शहीद जवानों और नक्सल हिंसा के पीड़ितों का अपमान बताते हुए उनसे बिना शर्त माफी की मांग की।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार को पत्रकारों से चर्चा के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन जैन ने कहा कि कांग्रेस का नक्सलियों के प्रति नरम रुख कोई नया विषय नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का इतिहास नक्सलियों को संरक्षण देने और उन्हें वैचारिक समर्थन देने का रहा है। उनका कहना था कि हजारों निर्दोष नागरिकों, आदिवासियों और सुरक्षाबलों के जवानों की हत्या के आरोपी हिड़मा का महिमामंडन करना कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है तथा यह बस्तर के शहीदों का अपमान है।
श्री जैन ने कहा कि अटल श्रीवास्तव और कांग्रेस को इस मुद्दे पर देश तथा बस्तर के शहीद परिवारों से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई तेज होती है, कांग्रेस नेताओं की ओर से उनके पक्ष में बयान सामने आते हैं। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से यह भी स्पष्ट करने की मांग की कि क्या वह अपने विधायक के कथित बयान का समर्थन करता है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता वैभव बैस ने कहा कि नक्सली हिंसा में अनेक पुलिस अधिकारियों, सुरक्षाबलों के जवानों और आम नागरिकों ने अपनी जान गंवाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि वह शहीदों के सम्मान के साथ खड़ी है या अपने विधायक के कथित बयान के साथ।
श्री बैस ने कहा कि यदि कांग्रेस अपने दिवंगत नेताओं और नक्सली हिंसा में शहीद हुए लोगों का सम्मान करती है तो उसे अटल श्रीवास्तव के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित