किशनगंज , अक्टूबर 04 -- बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने रविवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने सेवा को ही अपना संकल्प माना है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा, जनकल्याण एवं समाज के प्रति समर्पण के रूप में मना रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा की ओर से एक माह तक चलने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' की रविवार को किशनगंज के गौशाला परिसर में स्वच्छता अभियान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम के साथ शुरुआत की गई। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर डॉ. जायसवाल ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्वच्छता, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य, जनसेवा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के प्रति जिम्मेदारी और सेवा भावना को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और समाजहित में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

मंत्री ने घोषणा की कि किशनगंज शहर के कलटेक्स चौक का नाम बदलकर 'सेवा ज्योति चौक' किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह चौक सेवा, समर्पण और सामाजिक चेतना का प्रतीक बनेगा। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने स्वच्छ और हरित किशनगंज बनाने का संकल्प भी लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित