मुंबई , जून 01 -- महाराष्ट्र भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता नवनाथ बान ने सोमवार को शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत पर हमला बोलते हुए उन पर बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा को छोड़ने और सत्ता के लिए अपना राजनीतिक रुख बदलने का आरोप लगाया।
श्री बान ने भाजपा के प्रदेश कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि 2014 और 2019 के बीच श्री राउत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की थी और अक्सर राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को स्वीकार किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री राउत ने 2019 के बाद अपना रुख केवल श्री उद्धव ठाकरे को मुख्यमंत्री बनाने में मदद करने और राजनीतिक लाभ हासिल करने के लिए बदला।
श्री बान ने दावा किया कि हालांकि श्री राउत अब प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना करते हैं और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तारीफ करते हैं लेकिन महाराष्ट्र की जनता प्रधानमंत्री और भाजपा के प्रति उनके पहले के समर्थन को भूली नहीं है। उन्होंने राउत के मौजूदा राजनीतिक रुख को निजी महत्वाकांक्षाओं से प्रेरित बताते हुए कहा कि वह राज्य सभा जाना चाहते हैं इसलिए इस तरह की बातें कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित