देहरादून , अगस्त 04 -- उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष, सांसद महेंद्र भट्ट का जन्मदिन मंगलवार को पूरे प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं ने धार्मिक अनुष्ठानऔर सेवा भाव कार्यक्रमों के साथ मनाया।

इस अवसर पर जगह जगह मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना, जलाभिषेक, पौधारोपण, फल एवं मिष्ठान वितरण, गौ सेवा आदि सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही उनके दीर्घायु होने और लंबे समय तक कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देने की कामना गई।

पार्टी मुख्यालय में इस मौके पर विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। जिसमें प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल एवं प्रदेश सरकार में दायित्वधारी ज्योति प्रसाद गैरोला के नेतृत्व में वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा पौधे लगाकर प्रदेश अध्यक्ष के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु होने की कामना की गई।

इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री श्री परिहार ने कहा कि हमारे प्रदेश अध्यक्ष का जन्म दिवस, हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए बहुत ही हर्ष और उल्लास का दिन है। उनके कुशल नेतृत्व में पार्टी प्रदेश के बूथ-बूथ तक अभूतपूर्व रूप से मजबूत हुई है। राज्य के समस्त कार्यकर्ता उनके नेतृत्व में एकजुट होकर संगठन के मूल भाव और निष्ठा के साथ काम कर रहे हैं और पार्टी को निरंतर सुदृढ़ बनाने में जुटे हुए हैं।

श्री परिहार ने प्रदेश अध्यक्ष के जन्म दिवस के निमित्त आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि आज कार्यकर्ताओं द्वारा जनसेवा और धार्मिक अनुष्ठानों से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। जिसमें सेवा कार्य के अंतर्गत विभिन्न जिलों के अस्पतालों में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए। धार्मिक अनुष्ठान के तहत देवभूमि के प्रमुख मंदिरों में विशेष जलाभिषेक एवं पवित्र नदियों पर गंगा आरती का आयोजन कर उनकी दीर्घायु की कामना की गई। वहीं पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'एक पेड़ माँ के नाम' आह्वान को आगे बढ़ाते हुए व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया गया। उन्होंने पार्टी परिवार की ओर से शुभकामनाएं व्यक्त की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित