नयी दिल्ली , अक्टूबर 13 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को विपक्षी दलों के उच्चतम न्यायालय की ओर मार्च के दौरान एक महिला पत्रकार के साथ कांग्रेस के नेता राहुल गांधी के व्यवहार को भद्दा बताते हुए कहा है जनता इसके लिए उन्हें और उनकी पार्टी को माफ नहीं करेगी।

पार्टी के नेता और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने पार्टी मुख्यालय पर एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ' राहुल गांधी ने कल भद्दा व्यवहार किया। राहुल गांधी और उनके साथियों ने एक गर्भवती महिला पत्रकार के साथ दुर्व्यवहार किया।"उन्होंने सवाल किया कि उस महिला पत्रकार का गुनाह क्या था कि उसके साथ ऐसा व्यवहार किया गया? उन्होंने कहा, ' जिस तरीके से उन्हें धक्का दिया गया, जमीन पर फेंका गया, फिर उन्हें हॉस्पिटलाइज होना पड़ा, वह बेहद शर्मनाक है। उनका गुनाह क्या था? सिर्फ यह कि वे उनका प्रोटेस्ट कवर कर रही थीं। देश की 140 करोड़ जनता राहुल गांधी को कभी माफ नहीं करेगी।"पत्रकार ऋचा पराशर एक टीवी चैनल के लिए काम करती है। वह इस समय राजधानी के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती हैं। उनका कहना है कि कल शाम उच्चतम न्यायल के समक्ष विपक्षी दलों के राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के दौरान न्यायालय परिसर के एक द्वार पर खड़ी थीं और श्री गांधी से कुछ पूछना चाह रही थी। इस दौरान उसको कंधे से खींचा और लोगों के धक्के से गिर गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित