नयी दिल्ली , मई 31 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महाराष्ट्र विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव के लिए रविवार देर रात 10 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्रों से विधान परिषद की 16 सीटों के लिए 18 जून को चुनाव होना है। भाजपा ने नागपुर निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव के लिए डॉ. राजीव पोतदार को भी उम्मीदवार बनाया है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की रविवार को यहां हुई बैठक में इन नामों को मंजूरी दी गयी।
भाजपा 11 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि सहयोगी दल शिवसेना चार और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) दो सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। भाजपा की ओर से पूर्व मंत्री प्रवीण पोटे पाटिल को अमरावती सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा अरुण लाखानी को वर्धा-चंद्रपुर-गढ़चिरौली, अविनाश ब्रह्मणकर को भंडारा-गोंदिया और पूर्व विधायक राजेंद्र राऊत को सोलापुर सीट से मैदान में उतारा गया है।
धैर्यशील कदम को सांगली-सतारा सीट से, प्राजक्त तनपुरे को अहिल्यानगर से, सुहास शिरसाट को छत्रपति संभाजीनगर-जालना से, अमर राजूरकर को नांदेड़ से, बसवराज पाटिल को धाराशिव-लातूर-बीड से और नंदकिशोर महाजन को जलगांव से उम्मीदवार बनाया गया है। ये सभी सीटें विभिन्न क्षेत्रों में फैली हुई हैं और इनके लिए स्थानीय स्वशासन संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधि निर्वाचन मंडल का हिस्सा होते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित