मुंबई , जून 01 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के लिये 11 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है और इससे 17 सीटों के लिये महायुति के बहुचर्चित 11-4-2 के सीट-बंटवारे के फॉर्मूले की प्रभावी रूप से पुष्टि हो गयी है।

शिवसेना (एकनाथ शिंदे) को चार सीटें और एनसीपी (अजीत पवार) को दो सीटें आवंटित की गयी हैं।

यह घोषणा गठबंधन सहयोगियों के बीच कई दिनों के विचार-विमर्श और बैठकों के बाद की गयी है। उम्मीदवारों की सूची नई दिल्ली से उस दौरान जारी की गयी, जब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में शिरकत कर रहे थे।

भाजपा ने विधानपरिषद चुनाव के लिये अहिल्यानगर से प्राजक्त तनपुरे, वर्धा-चंद्रपुर-गढ़चिरौली से अरुण लखानी, भंडारा-गोंदिया से अविनाश ब्राह्मणकर, अमरावती से प्रविण पोते पाटिल, सांगली-सतारा से धैर्यशील कदम, सोलापुर से राजेंद्र राउत, छत्रपति संभाजीनगर-जालना से सुहास शिरसाट, नांदेड़ से अमर राजुरकर, धाराशिव-लातूर-बीड से बसवराज पाटिल, जलगांव से नंदकिशोर महाजन को चुनाव मैदान पर उतारा है। इसके अतिरिक्त, भाजपा ने नागपुर विधान परिषद उपचुनाव के लिये डॉ. राजीव पोतदार को नामांकित किया है।

शिवसेना को अभी अपने उम्मीदवारों को अंतिम रूप देना बाकी है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी गठबंधन व्यवस्था के तहत दो सीटें हासिल करने में सफल रही है।

रायगढ़ से पार्टी ने वरिष्ठ नेता सुनील तटकरे के बेटे अनिकेत तटकरे को उम्मीदवार बनाया है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि इसके बदले में तटकरे खेमा जिले के पालक मंत्री पद पर अपना दावा छोड़ सकता है।

उपमुख्यमंत्री अजीत पवार का गढ़ माने जाने वाली पुणे सीट के लिये, गठबंधन ने सांसद पार्थ पवार के करीबी सहयोगी बिल्डर विक्रम काकड़े को नामांकित किया है।

इस घोषणा ने विधान परिषद चुनाव से पहले सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के भीतर सीट वितरण को लेकर चल रही अटकलों पर काफी हद तक विराम लगा दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित