वाराणसी , अक्टूबर 09 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महानगर ने स्नातक निर्वाचन में मतदाताओं तक पहुंच बनाने और मतदान प्रक्रिया को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने मतदाता सूची के सत्यापन, बूथ स्तर पर जनसंपर्क और मतदान प्रक्रिया की बारीकियों से कार्यकर्ताओं को अवगत कराने की रणनीति तैयार की है।
भाजपा महानगर कार्यालय गुलाबबाग में शुक्रवार को आयोजित समीक्षा बैठक में आगामी 23 अक्टूबर को प्रस्तावित मतदान को लेकर चर्चा की गई। बैठक में कार्यकर्ताओं को प्रत्येक स्नातक मतदाता से संपर्क करने, मतदाता सूची में त्रुटियों का सत्यापन करने और मतदान प्रक्रिया की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
चुनाव संचालन प्रमुख एवं पूर्व प्रदेश मंत्री संजय राय ने मतपत्र पर वरीयता अंकित करने के नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी वरीयता दर्ज करने और मतदान केंद्र पर उपलब्ध अधिकृत पेन का ही इस्तेमाल करने के प्रति जागरूक करना आवश्यक है।
पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं चुनाव संचालन समिति के सह-प्रमुख सुधीर मिश्रा ने संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर जोर दिया। उन्होंने संचालन समिति के सदस्यों को प्रतिदिन तीन से चार घंटे तथा विधानसभा प्रभारियों और सह-प्रभारियों को कम से कम एक घंटा कार्यालय में देने का निर्देश दिया। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में समन्वय केंद्र संचालित करने की योजना भी बनाई गई, जहां से चुनाव संबंधी गतिविधियों की निगरानी की जाएगी।
पूर्व महापौर एवं मतदाता संपर्क प्रमुख रामगोपाल मोहले ने बूथ अध्यक्षों से अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं से संपर्क कर मतदान सुनिश्चित कराने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने पार्षदों को कम से कम 50 मतदाताओं से संपर्क करने का लक्ष्य देने की बात कही। साथ ही कार्यकर्ताओं से मतदाताओं के साथ नियमित संवाद बनाए रखने और उन्हें मतदान के प्रति जागरूक करने को कहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित