गुरुग्राम (हरियाणा) , मई 08 -- लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) पर चुनावों में हेराफेरी का आरोप लगाते हुए कहा कि उसने 'चुनाव चोरी' की व्यवस्था बना दी है और हरियाणा, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल तथा असम जैसे राज्यों में मतदाता सूचियों में गड़बड़ी और संस्थाओं का दुरुपयोग कर चुनाव जीता है।

श्री गांधी ने शुक्रवार को हरियाणा के गुरुग्राम में 'सद्भाव यात्रा' के दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर आरोप लगाया कि उसने चुनाव आयोग, नौकरशाही और केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए किया है और संस्थाओं के माध्यम से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित किया जा रहा है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि हरियाणा और देश में बेरोजगारी सबसे बड़ी समस्या है। सरकार की आर्थिक नीतियों से छोटे और मध्यम उद्योग कमजोर हुए हैं, जबकि युवाओं को रोजगार देने के बजाय उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से भटकाया जा रहा है।

श्री गांधी ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी निशाना साधा और कहा कि इस समझौते से अमेरिकी हितों को अधिक लाभ पहुंचेगा जबकि भारतीय कृषि, उद्योग तथा विनिर्माण क्षेत्र प्रभावित होंगे। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री ने दबाव में यह समझौता किया। उनका कहना था कि उद्योगपति गौतम अडानी भाजपा के बीच करीबी रिश्ते हैं और सरकार राष्ट्रीय संपत्तियों को चुनिंदा उद्योगपतियों को सौंप रही है, जिससे जनता में नाराजगी बढ़ रही है।

लोकसभा में विपक्ष के नेता ने यह भी आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी केंद्रीय एजेंसियों का उपयोग विपक्षी दलों के खिलाफ किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस इससे डरने वाली नहीं है। भाजपा तथा कांग्रेस के बीच वैचारिक लड़ाई बताते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और कांग्रेस में वैचारिक फर्क है। भाजपा नफरत फैलती है और कांग्रेस मोहब्बत के रास्ते पर चलती है। उनका कहना था कि कांग्रेस ही भाजपा का मजबूती से मुकाबला कर सकती है और अंततः उसे पराजित भी करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित