नयी दिल्ली , फरवरी 25 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों की कड़ी आलोचना की है। भाजपा मुख्यालय में पार्टी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुये उसे 'समझौता करने वाली कांग्रेस' और 'गाली देने वाली कांग्रेस पार्टी' बताया।

श्री पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कुछ नेताओं ने प्रधानमंत्री के लिए अपमानजनक और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने विशेष रूप से कांग्रेस नेता बिरिंदर सिंह धिल्लों के बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस प्रकार की भाषा न केवल अस्वीकार्य है, बल्कि संवैधानिक पद की गरिमा को भी ठेस पहुंचाती है। उन्होंने दावा किया कि पहले भी कांग्रेस के कुछ नेताओं द्वारा श्री मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं।

श्री पूनावाला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस एक ओर संविधान और लोकतंत्र की बात करती है, जबकि दूसरी ओर संवैधानिक संस्थाओं और पदों पर आसीन व्यक्तियों के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग करती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति और लोकसभा अध्यक्ष जैसे पदों के प्रति भी कांग्रेस नेताओं का रवैया सम्मानजनक नहीं रहा है।

श्री पूनावाला ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह विदेश यात्राओं के दौरान भारत की उपलब्धियों पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने कहा कि जब भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत वृद्धि दर्ज करती है या जब देश डिजिटल भुगतान और वैक्सीन निर्माण जैसे क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करता है, तब कांग्रेस नेतृत्व इन सफलताओं को कमतर आंकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित