चंडीगढ़ , अक्टूबर 21 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने राज्य में 21 और 22 अक्टूबर को सरकारी कर्मचारियों की दो दिवसीय हड़ताल का समर्थन करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर कर्मचारी विरोधी होने का आरोप लगाया है।

श्री ढिल्लों ने बुधवार को कहा कि पिछले साढ़े चार साल से कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी और वादे पूरे नहीं किए जाने के कारण उन्हें अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हड़ताल से आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का लंबित महंगाई भत्ता जारी करने और संविदा तथा आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमित करने सहित कई प्रमुख मांगें अब तक पूरी नहीं हुई हैं।

श्री ढिल्लों के अनुसार, सत्ता में आने से पहले आप ने कर्मचारियों से कई वादे किए थे, लेकिन अब उन्हें अपनी मांगों के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। भाजपा नेता ने दावा किया कि सरकार की नीतियों के कारण कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है, जिससे सरकारी विभागों के कामकाज और सार्वजनिक सेवाओं की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने पंजाब सरकार से कर्मचारी संगठनों के साथ तत्काल बातचीत शुरू करने और उनकी जायज मांगों को निर्धारित समयसीमा के भीतर हल करने की मांग की। ढिल्लों ने कहा कि कर्मचारियों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस फैसलों की जरूरत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित