जयपुर , अक्टूबर 11 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंचायती राज चुनाव-2026 के लिए अपना 'ग्राम विकास संकल्प-पत्र' नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को जारी कर दिया।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, सह प्रभारी कविता पाटीदार, कुलजीत चहल और संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने ग्राम विकास संकल्प पत्र जारी किया।

श्री राठौड़ ने संकल्प पत्र जारी करते हुए कहा कि निकाय चुनावों में भाजपा और उसके समर्थित प्रत्याशियों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। प्रदेश के 309 स्थानीय निकायों में से 209 निकायों में भाजपा एवं समर्थित प्रत्याशियों को जीत मिली है। उन्होंने दावा किया कि उसी तर्ज पर पंचायत चुनावों में भी भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा घोषित 'वन स्टेट, वन इलेक्शन' की पहल को महत्वपूर्ण बताया कि कहा कि निकाय के साथ पंचायती राज चुनाव एक साथ करवा रहे है, इससे न केवल प्रदेश का धन बचेगा, बल्कि सरकार को काम करने के लिए पूरा समय भी मिलेगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्प लिया है। गांवों में भी शहरों के समान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों ताकि ग्रामीण नागरिकों का जीवन अधिक सुगम, समृद्ध और सुविधाजनक बन सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए विकसित गांवों का निर्माण आवश्यक है। जब गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, विकास कार्यों को गति मिलेगी और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी, तभी गांवों की समृद्धि सुनिश्चित होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित