पटना , जुलाई 10 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए नीरज कुमार सिन्हा को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने शुक्रवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने बिहार में होने वाले बांकीपुर विधानसभा उप-चुनाव के लिए सात जुलाई को घोषित अभिषेक कुमार के स्थान पर नीरज कुमार सिन्हा के नाम को स्वीकृति प्रदान की है।

नीरज कुमार सिन्हा वर्ष 2006 से पार्टी संगठन में सक्रिय हैं और वर्तमान में नरेंद्र भारती मंडल के अध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत वर्ष 2006 में भारतीय जनता पार्टी के प्राथमिक सदस्य के रूप में की। इसके बाद उन्होंने संगठन में बूथ अध्यक्ष, नरेंद्र भारती मंडल के महामंत्री तथा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला उपाध्यक्ष सहित विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। नीरज कुमार सिन्हा का परिवार भी लंबे समय से जनसंघ की विचारधारा से जुड़ा रहा है। उनके चाचा स्वर्गीय नरेंद्र भारती जनसंघ काल के सक्रिय कार्यकर्ता थे।

गौरतलब है कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी अभिषेक कुमार बंटी ने आज अपना नामांकन वापस लेने की घोषणा की है। श्री बंटी ने गुरुवार को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया था।

श्री बंटी ने आज बिहार भाजपा कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को इस आशय का एक पत्र सौंप दिया।

इसके बाद भाजपा ने श्री बंटी के स्थान पर श्री सिन्हा को बांकीपुर विधानसभा चुनाव के लिये उम्मीदवार बनाया है।

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई है। नामांकन पत्रों की जांच 14 जुलाई को होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 16 जुलाई निर्धारित की गई है। इस सीट के लिए मतदान 30 जुलाई को होगा तथा मतगणना 3 अगस्त को की जाएगी। निर्वाचन प्रक्रिया 4 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी।

बांकीपुर विधानसभा सीट भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बिहार विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने के कारण रिक्त हुई थी, जिसके बाद इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित