पटना , मार्च 05 -- बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने गुरूवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हाईजैक कर लिया है।

श्री यादव ने मुख्यमंत्री श्री कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वर्ष 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव का जनादेश नीतीश कुमार को मिला था। उन्होंने कहा कि किसी दूसरे नेता के साथ नई सरकार बनाना पूरी तरह से जनता की भावनाओं और जनादेश के खिलाफ होगा। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी विधानसभा चुनाव के दौरान और उससे भी पहले कह रही थी कि भाजपा अपने चुनावी फायदे के लिए श्री कुमार को सिर्फ मुखौटे की तरह इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि यह पहले से हीं अनुमान लगाया जा रहा था कि भाजपा ने जिस तरह महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री के पद से हटा दिया था , उसी तरह बिहार मे भी नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद पर ज्यादा दिनों तक बने नहीं रहने देगी।

राजद नेता ने कहा कि उन्हें 2015 और 2022 में दो बार उनके नेतृत्व में महागठबंधन सरकार में उप मुख्यमंत्री के तौर पर काम करने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि यह अलग बात है कि उप मुख्यमंत्री के तौर पर उनका कार्यकाल दोनों बार लगभग डेढ़ साल का ही रहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार ने उन्हें दोनों मौकों पर उप मुख्यमंत्री के तौर पर काम करने का पूरा मौका दिया था। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग भाजपा द्वारा मुख्यमंत्री श्री कुमार के साथ किए गए बुरे बर्ताव से वाकिफ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा श्री कुमार को लगातार प्रताड़ित करती रही है।

श्री यादव ने कहा कि भाजपा की आदत है कि वह अपने सहयोगियों को राजनीतिक रूप से खत्म कर देती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने महाराष्ट्र में शिवसेना और तमिलनाडु में अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईडीएमके) को खत्म कर दिया था, जबकि दोनों पार्टियां इन दोनों राज्यों में उसकी सहयोगी थीं। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री श्री कुमार के स्वस्थ और लंबे जीवन की कामना करते हैं।उन्होंने कहा कि इस समय उनकी पूरी सहानुभूति श्री कुमार के साथ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित