नयी दिल्ली , जून 04 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विभिन्न राज्यों से राज्यसभा चुनाव के लिए गुरुवार को 11 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिये। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग मध्य प्रदेश से प्रत्याशी बनाये गये हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने आज यहां बताया कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने अरुणाचल, गुजरात मध्य प्रदेश, मणिपुर और राजस्थान से राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव तथा ओडिशा से राज्यसभा के उप चुनाव के पार्टी उम्मीदवारों के नामों पर अपनी सहमति प्रदान कर दी है।

उन्होंने बताया कि पार्टी ने अरुणाचल से श्री ताई तागाक को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, गुजरात से श्री राजूभाई शुक्ला, श्री मुकेश राठवा, श्री मानसिंह परमार और जीतेद्र मेघजीभाई कंजारिया पार्टी के उम्मीदवार होंगे। इसके साथ ही पार्टी ने श्री तरुण चुघ और श्री सतीश अग्रवाल को मध्य प्रदेश से , श्रीमती ए. शारदी देवी को मणिपुर से और डॉ. अलका गुर्जर तथा डॉ. सतीश पूनिया को राजस्थान से उम्मीदवार बनाया है।

श्री सिंह ने बताया कि ओडिशा से एक सीट के लिए होने वाले उप चुनाव के लिए श्री देबाशीष सामंतराय पार्टी के उम्मीदवार बनाये गये हैं।

गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने देश के 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनावों की घोषणा और ओडिशा में राज्यसभा की एक सीट पर उपचुनाव कराने की घोषणा की है। नामांकन की प्रक्रिया एक जून से शुरू हो चुकी है। चुनाव आयोग के अनुसार राज्यसभा चुनाव के लिए आठ जून तक नामांकन दाखिल किये जा सकते हैं। वहीं जरूरत पड़ने पर मतदान और मतगणना 18 जून को होगी।

भाजपा ने आज जिन राज्यों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की है, उनमें गुजरात से राज्यसभा के चार सांसद राम हरजी मोकरिया (भाजपा), अमीन नरहरी हिरा (भाजपा), शक्ति सिंह गोहिल (कांग्रेस) और रमीलाबेन बारा (भाजपा) का कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है।

वहीं, मध्य प्रदेश के तीन सदस्यों-दिग्विजय सिंह, सुमेर सिंह सोलंकी और जॉर्ज कुरियन-का कार्यकाल 21 जून को पूरा हो रहा है। अरुणाचल-नबम रेबिया (भाजपा) का कार्यकाल भी समाप्त हो रहा है। इसी तरह से राजस्थान से नीरज डांगी (भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस), राजेंद्र गहलोत (भारतीय जनता पार्टी और रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू (भारतीय जनता पार्टी) और मणिपुर से राज्यसभा सांसद महाराजा लीशेम्बा सनाजाओबा (भारतीय जनता पार्टी) का कार्यकाल भी 21 जून को समाप्त हो रहा है, जबकि ओडिशा में राज्यसभा का उपचुनाव बीजू जनता दल (बीजद) के नेता देवाशीष समंतराय के सदन की सदस्यता से इस्तीफा देने और भाजपा में शामिल होने की वजह से हो रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित