मुंबई , नवंबर 09 -- महाराष्ट्र में कोल्हापुर जिला सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ (जो 'गोकुल' के नाम से प्रसिद्ध है) में सरकार द्वारा नामित निदेशक की नियुक्ति को लेकर उपजा विवाद अब राजनीतिक रंग ले चुका है।

इस मामले में शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत और भाजपा नेता नवनाथ बन के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिली है। श्री राउत ने सुझाव दिया था कि गोकुल के मुद्दे पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आधिकारिक आवास 'वर्षा' या मंत्रालय तक एक विरोध मार्च निकाला जाना चाहिए, क्योंकि उनका आरोप था कि कोल्हापुर में लोकतांत्रिक जनादेश की अनदेखी की जा रही है।

श्री बन ने पलटवार करते हुए कहा कि यदि श्री राउत कोई मोर्चा निकालना चाहते हैं, तो इसकी शुरुआत ठाकरे परिवार के आवास 'मातोश्री' से होनी चाहिए।

सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में, श्री बन ने पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर 2019 में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन के जनादेश का सम्मान करने से इनकार करने और सरकार बनाने के लिए कांग्रेस से हाथ मिलाकर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया।

श्री बन ने कहा, "उद्धव ठाकरे ने 2019 में लोकतंत्र को कमजोर करने की परंपरा शुरू की थी। भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति के पास बहुमत होने के बावजूद, उन्होंने जनादेश को ठुकरा दिया और कांग्रेस से हाथ मिला लिया, इसलिए 'वर्षा' तक मार्च निकालने के बजाय श्री राउत को 'मातोश्री' की ओर मोर्चा निकालना चाहिए।"उन्होंने दावा किया कि गोकुल में लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के माध्यम से सत्ता स्थापित होगी और जो लोग लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चुने गए हैं, उन्हें इस संस्था को चलाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने श्री राउत से यह भी आग्रह किया कि वे सहकारिता निकाय में हो रहे घटनाक्रमों को लेकर चिंता न करें। इससे पहले श्री राउत ने इस विवाद को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को निशाना बनाते हुए भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति सरकार की आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि यह विरोध प्रदर्शन केवल कोल्हापुर तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि 'वर्षा', राजभवन और मंत्रालय तक पहुंचना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित