भोपाल , अक्टूबर 26 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई टिप्पणी के विरोध में सोमवार को भाजपा ने भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान शिवाजी नगर चौराहे पर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिससे तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, विधायक भगवानदास सबनानी और रामेश्वर शर्मा, महापौर मालती राय तथा भाजपा शहर अध्यक्ष रविंद्र यति सहित कई नेता प्रदर्शन में शामिल हुए। भाजपा कार्यकर्ता रेडक्रॉस अस्पताल के सामने एकत्र हुए और पैदल मार्च करते हुए कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़े। पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड पर विधायक रामेश्वर शर्मा और भगवानदास सबनानी सहित भाजपा कार्यकर्ता चढ़ गए।
बैरिकेड के एक तरफ कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में फूल और लाठियां लेकर खड़े थे, जबकि दूसरी तरफ भाजपा कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अंकित दुबे ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर अराजकता फैलाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता शांति से आने वालों का गुलाब से स्वागत करेंगे, लेकिन अराजकता फैलाने वालों का लाठियों से सामना करेंगे।
भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने खड़गे की टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को भाषा की मर्यादा और संसदीय परंपराओं का ध्यान रखना चाहिए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मंत्री विश्वास सारंग ने भी टिप्पणी की आलोचना की। भाजपा नेताओं ने राजनीतिक विरोध के दौरान भाषा की मर्यादा बनाए रखने की बात कही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित