बैतूल , सितंबर 07 -- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा ने समय के साथ अपनी कार्यशैली में बदलाव किया है, लेकिन विचारधारा से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि विचार आधारित राजनीति और कार्यकर्ताओं की प्रशिक्षण व्यवस्था भाजपा की प्रमुख ताकत है।
भाजपा जिला बैतूल की जिला कार्यसमिति बैठक एवं सेवा संकल्प अभियान की जिला कार्यशाला सोमवार को आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सुधाकर पंवार ने की। कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा ध्वज फहराने और वंदे मातरम् गान के साथ हुई। इसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित किया गया।
बैठक में खंडेलवाल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और उन्हें जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं की होगी। उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में देश को अस्थिर करने के लिए भ्रम फैलाने के प्रयास किए जा रहे हैं और कार्यकर्ताओं को तथ्यों एवं आंकड़ों के आधार पर उनका जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 के बाद मध्यप्रदेश में शिक्षा और बिजली के क्षेत्र में बदलाव दिखाई देता है। प्रशिक्षित कार्यकर्ता तथ्यों के साथ विभिन्न सवालों का जवाब देने में सक्षम हैं।
संभागीय संगठन प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह ने कहा कि जिला कार्यसमिति के बाद इन्हीं विषयों पर मंडल स्तर पर बैठक और कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद और समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
जिला संगठन प्रभारी सुदर्शन गुप्ता ने विकसित भारत-2047 के संकल्प को लेकर कार्यकर्ताओं से योगदान देने की अपील की। जिला अध्यक्ष सुधाकर पंवार ने सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा बताते हुए प्रत्येक बूथ पर कार्यक्रमों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित करने को कहा। अभियान के जिला संयोजक कमलेश सिंह ने बताया कि अभियान के तहत 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में जिला महामंत्री कृष्णा गायकी ने राजनीतिक प्रस्ताव का वाचन किया, जिसका आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे और जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र मालवीय ने समर्थन किया। प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। समरसता संकल्प अभियान के जिला प्रभारी किशोर बरदे ने संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के तहत आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी दी।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। आभार जिला महामंत्री डॉ. महेंद्र सिंह चौहान ने व्यक्त किया। बैठक में भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और अपेक्षित कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित