चंडीगढ़ , जनवरी 16 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ते गैंगस्टरवाद, भ्रष्टाचार और नशे के फैलाव को रोकने में असफल रही आम आदमी पार्टी (आप) सरकार से सवाल पूछने के लिए पार्टी अध्यक्ष सुनील जाखड़ के नेतृत्व में मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास का घेराव किया।
श्री जाखड़ ने कहा कि श्री मान पंजाब के मुख्यमंत्री हैं और उनकी असफलताओं से पंजाब के लोग स्वयं निपट लेंगे, लेकिन आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल को पंजाब के 'सुपर सीएम' के रूप में पंजाब के लोग स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब के कर्ता-धर्ता बने श्री केजरीवाल से मुख्यमंत्री कोटे की कोठी नंबर 50 खाली करवाने आयी है, क्योंकि पंजाब के लोग चाहते हैं कि पंजाब का मुख्यमंत्री पंजाबी हो। बाहर से आकर पंजाब पर शासन करना पंजाब के लोगों को स्वीकार नहीं है। उन्होंने कहा कि हम तो आज श्री मान को उनका अधिकार वापस दिलाने आये थे, लेकिन उन्होंने पुलिस से पार्टी नेताओं को गिरफ्तार करवा कर अपने ही पैर पर कुल्हाड़ी मार ली है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज पंजाब में आम आदमी सुरक्षित नहीं है और गैंगस्टर राज कायम हो चुका है। लोगों के जान-माल की कोई सुरक्षा नहीं है। विकास कार्य ठप पड़े हैं और भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच गया है।
उन्होंने श्री मान से कहा कि पंजाब के लोगों ने उन्हें मुख्यमंत्री चुना था, न कि श्री केजरीवाल को। उन्होंने कहा कि भाजपा आज श्री मान को यह एहसास दिलाने आयी है कि वे इस सच्चाई को स्वीकार करें कि वही मुख्यमंत्री हैं और मुख्यमंत्री के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए पंजाब की जिम्मेदारी संभालें। उन्होंने श्री मान को 'पगड़ी संभालने' की सलाह देते हुए कहा कि वे पंजाब की इज्जत को दिल्ली वालों को पैरों तले न रौंदने दें। उन्होंने कहा कि जब से दिल्ली के लोगों द्वारा सत्ता से बाहर किये श्री केजरीवाल, पूर्व मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन जैसे नेता पंजाब आये हैं, तब से राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार और अधिक गंभीर होती जा रही है।
श्री जाखड़ ने कहा कि पिछले चार वर्षों से यह सरकार अपनी कमजोरियों को छिपाने के लिए भावनात्मक मुद्दे खड़े करती रही है, ताकि लोग सरकार से वास्तविक मुद्दों पर सवाल न पूछ सकें। उन्होंने मुख्यमंत्री को याद दिलाया कि बेअदबी के मुद्दे पर पंजाब के लोगों ने दो सरकारें हटा दी थीं, और इस विषय पर श्री मान के वादों के बावजूद चार साल बीत जाने के बाद भी सरकार ने कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष तीन महीनों में नशे को ख़त्म करने के दावे के साथ नशों के खिलाफ युद्ध शुरू किया गया था, लेकिन नशीले पदार्थों का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है। अब सरकार ने इसका दूसरा चरण शुरू करके और पुलिस के प्रति अविश्वास जताकर इस मामले में अपनी असफलता को खुलेआम स्वीकार कर लिया है।
श्री जाखड़ ने सवाल उठाया कि 55 करोड़ रुपये खर्च कर लगाये गये एंटी-ड्रोन सिस्टम की सफलता दर सरकार सार्वजनिक करे। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े इस मुद्दे में भ्रष्टाचार की बू आने की ओर इशारा करते हुए कहा कि इसकी असफलता दर 99.70 प्रतिशत है और यह परियोजना पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि इस तरह सरकारी धन के दुरुपयोग का हिसाब लिया जाएगा।
मीडिया पर हो रहे हमलों की कड़ी निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि पत्रकारों पर मुकदमे दर्ज करने के बाद पंजाब केसरी समूह के खिलाफ की जा रही बदले की कार्रवाई, इस आप सरकार के अंत का संकेत है। उन्होंने कहा कि यह सरकार लोकतांत्रिक मर्यादाएं भूल चुकी है और इस मुद्दे पर पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल 17 जनवरी को पंजाब के राज्यपाल से मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा जनहित के मुद्दों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि आज पंजाब के लोग भी बड़ी उम्मीद के साथ पार्टी की ओर देख रहे हैं और पार्टी लोगों के दिलों में अपनी जगह बना रही है।
इस अवसर पर कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और वरिष्ठ भाजपा नेता मनोरंजन कालिया ने भी संबोधित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित