जयपुर , दिसंबर 14 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पार्टी के नागौर जिले के खींवसर विधायक रेवतराम डांगा को उनके द्वारा विकास कार्यों की अनुशंसा के लिए कमीशन के संबंध में छपी खबर पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने जारी किए नोटिस में कहा कि केन्द्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार यह कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है कि आपके विरुद्ध एक पत्रकार के द्वारा स्टिंग आपरेशन में आरोप लगाया है कि आपने विकास कार्य के लिए विधायक कोष से राशि स्वीकृति के लिए रिश्वत की स्वीकारोक्ति की है। आपका यह कृत्य भाजपा संविधान में वर्णित अनुशासन भंग की परिभाषा में आता है।
श्री राठौड़ ने तीन दिन में इस आरोप के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा हैं। उल्लेखनीय है कि रविवार को एक समाचार पत्र में श्री डांगा के द्वारा विकास कार्यों की अनुशंसा के लिए कमीशन लेने के संबंध में खबर प्रकाशित हुई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित