लखनऊ , फ़रवरी 7 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता जीशान हैदर ने मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम, 2019 के कथित दुरुपयोग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है।

उन्होंने पत्र में कहा है कि तीन तलाक के खिलाफ लाया गया यह कानून मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से बनाया गया था, लेकिन कुछ स्थानों पर इसके दुरुपयोग की शिकायतें सामने आ रही हैं। पत्र में भाजपा नेता जीशान हैदर ने उल्लेख किया है कि कई मामलों में पारिवारिक विवादों को आपराधिक मामलों में बदल दिया जा रहा है, जिससे निर्दोष लोगों को अनावश्यक कानूनी और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कानून का उद्देश्य महिलाओं को न्याय और सुरक्षा देना है, न कि पारिवारिक संस्थाओं को कमजोर करना या सामाजिक तनाव बढ़ाना।

भाजपा नेता ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया है कि इस कानून के क्रियान्वयन की समीक्षा कराई जाए, ताकि इसके मूल उद्देश्य को बनाए रखते हुए दुरुपयोग की संभावनाओं को रोका जा सके। उन्होंने सुझाव दिया कि उचित दिशानिर्देश जारी किए जाएं और जांच की प्रक्रिया को और अधिक संतुलित व संवेदनशील बनाया जाए, जिससे पीड़ित महिलाओं को न्याय मिले और निर्दोष व्यक्तियों को उत्पीड़न से बचाया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित