चंडीगढ़ , मई 27 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने बुधवार को नगर निगम चुनावों के दौरान रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बाधा डालने तथा चुनाव नियमों का उल्लंघन करने के आरोप लगाये हैं।

चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान श्री अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिये थे, लेकिन भाजपा नेताओं ने चुनाव के दौरान कथित तौर पर डराने-धमकाने और गुंडागर्दी का सहारा लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हर चुनाव में इसी तरह की रणनीति अपनाती है और पश्चिम बंगाल की तरह पंजाब में भी चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की गयी।

उन्होंने संगरूर और धूरी में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद बाहरी नेताओं के क्षेत्र में रुकने पर रोक होती है, लेकिन भाजपा नेता ओंकार सिंह कथित तौर पर नियमों का उल्लंघन करते हुए धूरी में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि जब पंजाब पुलिस ने नियमों के अनुसार कार्रवाई की तो श्री बिट्टू मौके पर पहुंचे और पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने वर्दीधारी पुलिस अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार किया और उन्हें डराने की कोशिश की।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब पुलिस ने आतंकवाद के दौर में राज्य को बचाने के लिए बड़ी कुर्बानियां दी हैं और पुलिस बल का अपमान करना शर्मनाक है। उन्होंने महिला पुलिस अधिकारी समेत वरिष्ठ अधिकारियों पर की गयी कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों की भी निंदा की।

श्री अरोड़ा ने श्री बिट्टू पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान उन्होंने अपने भाई को पात्रता नियमों की अनदेखी कर डीएसपी पद दिलाने के लिए प्रभाव का इस्तेमाल किया था। उन्होंने कहा कि आप और पंजाब के लोग पुलिस बल तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं के साथ मजबूती से खड़े हैं और कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित