मुरैना , अक्टूबर 09 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के मताबसैया थाना क्षेत्र के सुरजनपुर गांव में भाजपा के पूर्व मीडिया प्रभारी एवं वरिष्ठ नेता संजय दंडोतिया के खेत पर बनी तिवरिया का ताला तोड़कर अज्ञात चोर करीब 15 हजार रुपये की विद्युत केबल चोरी कर ले गए। भाजपा नेता के परिजनों ने पुलिस पर शिकायत के बावजूद मामला दर्ज नहीं करने और आरोपियों का पता लगाने के लिए कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरी की सूचना देने के लिए संजय दंडोतिया के परिजन थाने पहुंचे थे। संजय दंडोतिया ने चोरी में एक संदिग्ध व्यक्ति के शामिल होने की जानकारी भी पुलिस को दी, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस ने अब तक उससे पूछताछ के लिए हिरासत में नहीं लिया है।

संजय दंडोतिया ने पुलिस अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अधिकारियों को जनता से सीधा संवाद बनाए रखना चाहिए, ताकि अपराधों की जानकारी समय पर मिल सके और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो वह अपने समर्थकों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर जिले में बढ़ते अपराधों के विरोध में धरने पर बैठेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित