समस्तीपुर , जनवरी 14 -- बिहार में समस्तीपुर जिले के मोरवा प्रखंड के राय टोल निवासी एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर अजीत शर्मा का शहर के काशीपुर स्थित आवास पर मंगलवार की देर रात निधन हो गया। वह करीब 78 वर्ष के थे।

स्व.शर्मा समस्तीपुर शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के अवकाश प्राप्त व्याख्याता थे। वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आर.एस.एस) के स्वयंसेवक, पूर्व तहसील कार्यवाह एवं भाजपा के जुझारू नेता के रुप मे काफी चर्चित थे। उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक आवास जिले के मोरबा प्रखंड के राय टोल में आज कर दिया गया।

प्रो. अजित शर्मा के निधन पर केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय,केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, बिहार के जलसंसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, भाजपा विधायक राजेश सिंह, डा.तरुण कुमार, बीरेंद्र कुमार पासवान, भाजपा दक्षिणी क्षेत्र के जिलाध्यक्ष शशिधर झा,भाजपा उत्तरी क्षेत्र की जिलाध्यक्ष नीलम सहनी, भाजपा राज्य कार्य समिति के पूर्व सदस्य शशिकांत आनंद और रामसुमिरन सिंह ने गहरी शोक संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि अजीत बाबू का निधन भाजपा एवं समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित