श्रीगंगानगर , फरवरी 19 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के कोतवाली थाना क्षेत्र में विनोबा बस्ती में नगरपरिषद के पूर्व उपसभापति एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता महेश गुप्ता के आवास पर गुरुवार को तड़के चोरी का मामला सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुप्ता परिवार अपने बेटे की शादी के उपलक्ष में बुधवार शाम से सूरतगढ़ रोड स्थित एक पैलेस में विवाह संबंधी कार्यक्रम में व्यस्त था। कार्यक्रम देर रात तक चला। थकान के कारण परिवार पैलेस के बुक कराए कमरों में ही सो गया और घर नहीं लौटा। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने तडके आवास में घुसपैठ करकेे चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया।

सुबह जब पड़ोसियों ने घर में चोरी होने की सूचना दी तो महेश गुप्ता और परिवार के सदस्य दौड़े हुए पहुंचे। घर के अंदर का नजारा देखकर सब हैरान रह गए। अलमारी और लॉकर के ताले तोड़े गए थे। पूरे घर में सामान बिखरा पड़ा था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि करीब 25 तोला सोने के जेवरात, करीब आधा किलो चांदी के जेवरात और करीब डेढ़ लाख रुपये नकद चोर ले गये।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी की जांच करने में जुट गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित