रायपुर , जुलाई 24 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना परिसर के बाहर कांग्रेस का करीब 18 घंटे तक चला अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को समाप्त हो गया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के खिलाफ एक सप्ताह के भीतर प्राथमिकी दर्ज करने का लिखित आश्वासन दिया है। साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज गैर-जमानती धाराओं की विवेचना किए जाने पर भी सहमति बनी, जिसके बाद आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया गया।
यह धरना भाजपा-कांग्रेस विवाद के बाद कांग्रेस के 12 नेताओं और कई कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज गैर-जमानती धाराओं वाली प्राथमिकी के विरोध में किया जा रहा था। कांग्रेस की मांग थी कि भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी काउंटर एफआईआर दर्ज की जाए।
धरने के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बैज सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता पूरी रात थाने के बाहर डटे रहे। इस बीच पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की घटनाएं भी हुईं तथा कार्यकर्ताओं ने लगातार नारेबाजी की।
शुक्रवार दोपहर पुलिस अधिकारियों और कांग्रेस नेताओं के बीच बैठक हुई, जिसमें मध्य जोन डीसीपी तारकेश्वर पटेल, नॉर्थ जोन डीसीपी दीपमाला कश्यप, एडीसीपी आदित्य पांडे तथा एसीपी पूर्णिमा लांबा मौजूद रहे। कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष बैज, सह प्रभारी जरिता लैतफलांग, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेंदू, सुशील आनंद शुक्ला, सत्यनारायण शर्मा और कुलदीप जुनेजा ने भाग लिया। बैठक में विभिन्न मांगों पर सहमति बनने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित