फर्रुखाबाद , अप्रैल 13 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) धनबल, केंद्रीय एजेंसियों के दबाव और राजनीतिक खरीद-फरोख्त के सहारे विभिन्न राज्यों में सरकारें गिराकर अपनी सरकारें बना रही है।

श्री राय सोमवार को फर्रुखाबाद शहर के नाला सिम्तसुमाल क्षेत्र स्थित कांग्रेस कार्यकर्ता सुमन तिवारी के आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने 20 जनवरी को दिवंगत हुई उनकी वृद्ध माता स्वर्गीय वंदना तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ईडी, सीबीआई और अन्य एजेंसियों का इस्तेमाल कर लोगों को धमकाती है तथा पैसों के बल पर जनादेश को प्रभावित कर सरकारें बनाती है। उन्होंने कहा कि जब जनता ईमानदारी से निर्णय करेगी, तब भाजपा को अपनी वास्तविक स्थिति का पता चलेगा।

पश्चिम बंगाल का उल्लेख करते हुए श्री राय ने कहा कि वहां जो हो रहा है वह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस मजबूती से चुनाव लड़ रही है और पार्टी कार्यकर्ता संगठन को आगे बढ़ाने में जुटे हैं। उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग अपने अधिकारों की बात करते हैं, उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। युवाओं पर लाठीचार्ज और आंसू गैस का प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा महंगी हो गई है और आम जनता महंगाई से परेशान है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार रोजगार, महंगाई और जनसमस्याओं के समाधान में विफल रही है। गैस, डीजल और पेट्रोल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जबकि लोगों की आय में बढ़ोतरी नहीं हो रही है। जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े प्रश्न पर श्री राय ने कहा कि वह पूजनीय हैं और उनका सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि शंकराचार्य द्वारा उठाए गए मुद्दों की अनदेखी की जा रही है।

इस अवसर पर पूर्व विधायक श्रीमती लुईस खुर्शीद, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज गंगवार, पूर्व जिलाध्यक्ष मृत्युंजय शर्मा, वर्तमान जिलाध्यक्ष शकुंतला देवी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित