रांची , सितम्बर 03 -- भाकपा माले के राज्य सचिव मनोज भक्त ने कहा कि झारखंड वर्तमान सीआईडी जांच को भाजपा प्रभावित करने की पुरजोर कोशिश कर रही है, ताकि उसकी करतूतें ढकी रहें।

श्री भक्त ने कहा कि भाजपा ने आज तक यह मांग नहीं की है कि जेपीएससी-1 और जेपीएससी-2 की जांच अभी तक सीबीआई ने पूरी क्यों नहीं की है।

नीट, जेपीएसीसी, जेएसएससी और सीजीएल परीक्षाओं एवं परिणामों की खरीद-बिक्री को लेकर छात्रों और अभ्यर्थियों के सवालों तथा उनके आंदोलन को भटकाने की कोशिश भाजपा लगातार कर रही है, ताकि उसका अब तक ढका चेहरा सामने नहीं आ जाए।

आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और जंतर-मंतर की चर्चित नेता नेहा बोहरा पर भाजपा के लोगों ने 7 अगस्त को विधानसभा मार्च के दौरान हमला करने की कोशिश की और उन पर स्याही फेंकी। 10 अगस्त के विधानसभा घेराव के वक्त भी भाजपा ने अपने स्थानीय और बंगाल से लाए गए गुंडों के जरिए छात्रों के आंदोलन को भटकाने की कोशिश की।

भाकपा माले छात्रों-अभ्यर्थियों को बधाई देती है कि उन्होंने भाजपा की साजिशों को लगातार धत्ता बताया है और नाकाम किया है। भाकपा माले त्वरित न्यायिक पहल और आंदोलनकारियों पर थोपे गए मुकदमों की वापसी की मांग करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित