, July 26 -- पटना, 26 जुलाई (वार्त) जन सुराज के सूत्रधार और बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी के प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने रविवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जीविका दीदियों को प्रचार में लगा कर लोगों को भ्रमित कर रही है।
श्री किशोर ने आज संवाददाताओं से कहा कि जीविका दीदियों का एक बड़ा समूह बांकीपुर में चुनाव प्रचार में लगा हुआ है और लोगों को गुमराह कर रहा है। जीविका दीदियाँ लोगों से कहा रही हैं कि बांकीपुर में भाजपा की हार की स्थिति में सरकार से मिलने वाली सुविधाएँ बंद हो जाएँगी। उन्होंने कहा कि पटना के जिलाधिकारी ने अपने ट्विट में कहा है कि जीविका दीदियाँ चुनाव के लिए जागरूकता फैला रही हैं, जो सच नहीं है और ये सभी दीदियाँ भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकर ने यदि 24 घंटे के अंदर जीविका समूह की महिलाओं को चुनाव प्रचार से नही हटाया तो वह चुनाव आयोग के दफ्तर के सामने धरने पर बैठेंगे।
जनसुराज के सूत्रधार ने कहा कि भाजपा ने एक हजार वर्कर, नेता, अभिनेता, मंत्री और विधायक चुनाव प्रचार में उतारे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रचार से उन्हें कोई ऐतराज नहीं है और यह उनका लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी पार्टियों को अधिकार है कि वह लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव प्रचार कर सकते हैं, लेकिन सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग स्वीकार्य नही है। उन्होंने कहा कि जनता देख रही है कि एक प्रशांत किशोर को हराने के लिए बांकीपुर में भाजपा को कितनी ताकत लगानी पड़ रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित